बक्सर । पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले में घटित दो चर्चित हत्याकांडों के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 26 मई को मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा पावर प्लांट के समीप अपराधियों द्वारा स्थानीय राजद नेता अर्जुन यादव (पिता- स्व. सुरेंद्र यादव) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस गंभीर मामले में एसआईटी का गठन किया गया था, जिसके तहत अब तक कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।
एसपी ने बताया कि जांच के क्रम में इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सिकटौना गांव निवासी राजा दुबे उर्फ रावण (पिता- वीरेंद्र दुबे) की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद बक्सर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को दानापुर के सगुना मोड़ से उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजा दुबे का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध नगर थाना व मुफस्सिल थाना में करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शम्भु भगत सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।
वहीं दूसरी बड़ी सफलता पेट्रोल पंप मालिक हरेंद्र सिंह हत्याकांड से जुड़ी है। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि 23 अगस्त 2016 को नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट स्थित पेट्रोल पंप के मालिक हरेंद्र सिंह की हत्या विकास वर्मा (पिता- जगनारायण प्रसाद, ग्राम- देवकुली, थाना- ब्रह्मपुर) ने अपने चार सहयोगियों के साथ मिलकर की थी। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बक्सर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments