Ad Code

स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद केसरी की 23वीं पुण्यतिथि पर बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण



बक्सर । महान समाजसेवी स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद केसरी की 23वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को सफाखाना रोड स्थित मुसहर टोली में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वर्गीय केसरी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें गरीबों, शोषितों और वंचितों का सच्चा मसीहा बताया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद केसरी ने अपने पूरे जीवन में समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य किया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।



कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष डुमरांव श्रीमती मीरा देवी द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात स्वर्गीय केसरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के दौरान उनके पुत्र श्री अखिलेश केसरी ने समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 151 जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल बैग, पेंसिल, पेन, रबर, कॉपी सहित अन्य पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया। बच्चों के चेहरे पर उपहार पाकर खुशी साफ झलक रही थी।


कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद केसरी स्मृति संस्थान द्वारा किया गया था। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय केसरी का जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

इस अवसर पर कृष्ण कुमार केसरी, विनोद केसरी, जितेंद्र कुमार, प्रदीप शरण, प्रमोद कुमार पाठक, जीतन यादव, विकास कुमार पाठक, मोहन गुप्ता, सोनू मिश्रा, वीरेंद्र यादव, राकेश कुमार, राजेंद्र केसरी, उज्जवल ठाकुर, कृष्ण रजक, दीनदयाल प्रसाद, राधेश्याम तिवारी, सर्विस पाठक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu