बक्सर । महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव–2026 का शुभारंभ बुधवार को वैदिक विधि-विधान के साथ भव्य एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में महंत राजा राम शरण दास जी महाराज उपस्थित रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने की।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुई। इसके पश्चात अतिथियों ने महर्षि विश्वामित्र जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की तथा दीप प्रज्ज्वलन कर रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाया। इसके साथ ही खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन, एकता और ईमानदारी की शपथ ली।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागों के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य परेड निकाली गई। विभागीय नामपट्ट और महाविद्यालय के ध्वज के साथ निकली परेड में एनसीसी कैडेट्स और खिलाड़ियों की अनुशासित मार्च-परेड ने पूरे परिसर को देशभक्ति और खेल भावना से ओत-प्रोत कर दिया। वैदिक परंपरा के अनुरूप नारियल फोड़कर महोत्सव के मंगलारंभ की घोषणा की गई, वहीं आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
मुख्य अतिथि विधायक आनंद मिश्र ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं, जो राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि महंत राजा राम शरण दास जी महाराज ने कहा कि खेल जीवन को संतुलित, संयमित और सकारात्मक बनाते हैं।
प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने स्वागत भाषण में अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है।
पहले दिन 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। 100 मीटर दौड़ में कुल 120 प्रतिभागियों को आठ-आठ के बैच में हीट रनिंग कराई गई, जिसमें से प्रत्येक हीट के प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों का चयन सेमीफाइनल के लिए किया गया। इसी प्रकार अन्य दौड़ों में भी हीट प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। शतरंज प्रतियोगिता में 24 प्रतिभागियों में से 12 ने प्रथम चक्र में सफलता प्राप्त की, जबकि बैडमिंटन में 40 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनके विजेता सेमीफाइनल में प्रवेश कर गए।
उद्घाटन समारोह में क्रीड़ा सचिव डॉ. अवनीश कुमार पाण्डेय सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। महोत्सव के दूसरे दिन गोला फेंक, बैडमिंटन, हाई जंप, लॉन्ग जंप, खो-खो सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments