बक्सर । गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और जलजमाव से प्रभावित इलाकों में जिला प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। बक्सर सदर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अविनाश कुमार ने बाढ़ और जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने बनारपुर गांव में जलजमाव एवं बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान तत्काल राहत के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभावित ग्रामीणों के बीच प्रशासन की ओर से तिरपाल सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया है।
निरीक्षण के दौरान सिकरौल गांव जाने वाली सड़क को आंशिक रूप से पानी में डूबा पाया गया। वहीं इटाढ़ी के अतरौना और सिकटौली गांवों का भी अधिकारियों ने दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इन क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि लोगों को जलमग्न और जोखिम वाले रास्तों पर जाने से रोका जा सके।
गंगा घाटों पर भी प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। रामरेखा घाट पर SDRF की टीम को तैनात कर दिया गया है, जबकि पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है तथा प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments