Ad Code

सदर विधायक आनंद मिश्रा से मौसमी मेट कर्मचारियों ने लगाई गुहार, जेई पर मारपीट और धमकी देने का आरोप


बक्सर । सोन नहर विभाग में कार्यरत मौसमी मेट कर्मचारियों ने प्रशाखा पदाधिकारी (जेई) जितेंद्र कुमार पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित कर्मचारी बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा से मिले और उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की।




कर्मचारियों के अनुसार, 19 अगस्त को नहर के अलग-अलग स्थानों पर कार्य कर रहे मौसमी मेट कर्मचारियों को 11 नंबर लख पर बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद प्रशाखा पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट की।

पीड़ित कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान मंटू रजक और सुरेश सिंह घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे मनु पांडेय को भी चोट लगी। मंटू रजक ने आरोप लगाया कि उनके गर्दन और छाती पर मुक्के से वार किया गया तथा हाथ की अंगुली में भी चोट आई। वहीं सुरेश सिंह ने मुंह और होंठ पर चोट लगने की बात कही है।

केस में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी का आरोप

कर्मचारियों ने विधायक को बताया कि घटना के बाद उन्हें दोबारा नहर पर दिखाई देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। साथ ही उन्हें केस में फंसा देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि इस घटना के बाद वे दबाव और भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।





मुलाकात के दौरान मौसमी मेट कर्मचारियों ने करीब तीन महीने का मेहनताना बकाया होने की समस्या भी सदर विधायक के समक्ष रखी। कर्मचारियों का कहना है कि मेहनताने से ही उनके परिवार का खर्च चलता है और लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पीड़ित कर्मचारियों ने सदर विधायक आनंद मिश्रा से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करने, बकाया मेहनताना दिलाने तथा कथित धमकी से राहत दिलाने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि वे विभाग में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और पूरे मामले का निष्पक्ष समाधान चाहते हैं।

वहीं, इस संबंध में प्रशाखा पदाधिकारी (जेई) जितेंद्र कुमार का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष मिलने पर समाचार में शामिल किया जाएगा।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu