बक्सर । ब्रह्मपुर प्रखंड के रघुनाथपुर स्थित ऐतिहासिक तुलसी आश्रम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के अद्भुत संगम के रूप में मनाया गया। पूजा-पाठ, वैदिक मंत्रोच्चारण, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, भजन-कीर्तन और दीपोत्सव ने पूरे आश्रम परिसर को कृष्णमय बना दिया। जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य पुजारी पंडित राजू मिश्रा उर्फ बालक बाबा के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद स्थानीय कलाकारों एवं गांव के छोटे-छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों का राधा-कृष्ण स्वरूप पूरे आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।
कृष्ण की लीलाओं और गीता के संदेश से रूबरू हुए श्रद्धालु
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कथाओं एवं उनकी विभिन्न लीलाओं का वर्णन किया गया। श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, कर्म, धर्म और कर्तव्य के संदेश को आत्मसात करने की प्रेरणा दी गई।
तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का बाल्यकाल जहां आनंद और प्रेम का संदेश देता है, वहीं युवा अवस्था में दिया गया श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश मानव जीवन के लिए आचार-संहिता के समान है। उन्होंने बताया कि छठियार तक भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों की कथा पंडित राजू मिश्रा उर्फ बालक बाबा द्वारा सुनाई जाएगी।
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
कथा के बाद कीर्तन मंडली ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु देर तक कृष्ण भक्ति में लीन रहे। पूरा आश्रम परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंज उठा।
वहीं, दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने तुलसी आश्रम परिसर में दीप प्रज्वलित किए। सैकड़ों दीपों की रोशनी से जगमगाता आश्रम परिसर बेहद मनमोहक और आध्यात्मिक नजर आया। भक्ति, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता के इस संगम ने रघुनाथपुर की कृष्ण जन्माष्टमी को यादगार बना दिया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और देर तक आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments