बक्सर । शिक्षक दिवस के अवसर पर बिहार सेन्ट्रल स्कूल में भव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सचिव सरोज सिंह के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुई। इस दौरान विद्यालय परिसर में शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
बच्चों को संबोधित करते हुए सचिव सरोज सिंह ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुछ विशेष दिवस महान व्यक्तित्वों के कारण गौरवान्वित होते हैं और शिक्षक दिवस भी ऐसा ही एक गौरवपूर्ण अवसर है, जो भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति के सर्वोच्च पद पर पहुंचने के बावजूद शिक्षक के सम्मान और महत्व को सदैव सर्वोपरि रखा। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देकर जीविकोपार्जन का माध्यम नहीं अपनाता, बल्कि समाज के निर्माण और सामाजिक मूल्यों की स्थापना की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभाता है।
सरोज सिंह ने कहा कि हमारे धार्मिक ग्रंथों में गुरु की महिमा देवताओं से भी अधिक बताई गई है। देवता सृजन करते हैं, जबकि शिक्षक उस सृजन को ज्ञान, संस्कार और रचनात्मकता के माध्यम से तराशता है। यही विद्यार्थी आगे चलकर व्यक्ति और समाज के लिए आदर्श एवं मानदंड स्थापित करते हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी अध्ययन प्रवृत्ति के प्रति सजग और निरंतर सक्रिय रहने की सलाह दी, ताकि वे भविष्य में समाज के बेहतर प्रतिनिधि बन सकें।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब देखने को मिला, जब सीनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों ने स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाई। वर्ग नवम की छात्रा रागिनी ने गणित विषय पढ़ाया, जबकि वर्ग दशम के अभिषेक ने विज्ञान तथा पंकज ने गणित विषय का पाठन कराया। अपने ही विद्यालय के भैया-दीदी को शिक्षक की भूमिका में देखकर छोटे विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर विद्यालय की उप-निर्देशिका श्रीमती उर्मिला सिंह एवं सचिव सरोज सिंह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों और विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने भी पुष्प अर्पित कर महान शिक्षाविद् को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय सचिव सरोज सिंह ने सभी शिक्षकों को सप्रेम भेंट एवं मिठाई देकर सम्मानित किया और उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ गुरु के महत्व और शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश भी दे गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments