बक्सर । हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित एनसीआर में आयोजित 22वीं नेशनल तैराकी प्रतियोगिता में चार स्वर्ण पदक जीतकर लौटे बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला बक्सर के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय तैराक कैप्टन विजेन्द्र राय का सोमवार की सुबह रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक किया गया था।
कैप्टन विजेन्द्र राय के बक्सर पहुंचने पर बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सैकड़ों की संख्या में रेलवे स्टेशन पहुंचकर बाजे-गाजे के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘कैप्टन विजेन्द्र राय जिंदाबाद’ के जयघोष से स्टेशन परिसर गूंज उठा। उत्साहित पूर्व सैनिकों और समर्थकों की मौजूदगी से कुछ देर के लिए स्टेशन परिसर सैनिक छावनी जैसा नजर आया।
स्वागत समारोह के बाद कैप्टन विजेन्द्र राय के सम्मान में रेलवे स्टेशन से गोलंबर तक रोड शो भी निकाला गया। इस दौरान समर्थकों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कैप्टन विजेन्द्र राय अब अगले महीने बेंगलुरु में आयोजित होने वाली एशियन गेम्स प्रतियोगिता की तैयारी में जुटेंगे। पूर्व सैनिक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके आगामी अभियान के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर बिहार और संगठन का नाम रोशन करेंगे।
बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ ने कैप्टन विजेन्द्र राय की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके ऐसे खिलाड़ी का अध्यक्ष होना संगठन के लिए गौरव की बात है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments