Ad Code

सबूत नहीं तो गिरफ्तारी क्यों? पॉक्सो कोर्ट से प्रधानाध्यापक इमाम अली को जमानत, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल


बक्सर । कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के नथुनी अहीर डेरा स्थित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक इमाम अली अंसारी को पॉक्सो के एक मामले में विशेष अदालत से जमानत मिल गई। अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य या तथ्य प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) की अदालत ने उनकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली।



मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब विद्यालय के दो शिक्षकों का कथित अश्लील वीडियो वायरल हुआ था। दोनों शिक्षकों की गिरफ्तारी से पहले ही पुलिस ने प्रधानाध्यापक इमाम अली अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस का आरोप था कि मामले की गंभीरता की जानकारी होने के बावजूद प्रधानाध्यापक ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को नहीं दी।

गिरफ्तारी के समय अंसारी का नाम राज्य सरकार की ओर से शिक्षक दिवस पर दिए जाने वाले शिक्षक सम्मान की सूची में भी शामिल था। गिरफ्तारी के बाद उनका नाम सम्मान सूची से हटा दिया गया था।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता शशिकांत उपाध्याय ने अदालत में दलील दी कि प्रधानाध्यापक का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और प्राथमिकी में भी उनके खिलाफ कोई प्रत्यक्ष आरोप नहीं है। अदालत ने पुलिस से केस डायरी तलब कर मामले की सुनवाई की। इसके बाद अदालत ने पाया कि पुलिस प्रधानाध्यापक के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाने में सफल नहीं रही और जमानत मंजूर कर दी।




इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्रवाई और अनुसंधान की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। जब प्रधानाध्यापक के खिलाफ ठोस साक्ष्य नहीं थे, तो गिरफ्तारी में इतनी जल्दबाजी क्यों की गई? क्या गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों का पर्याप्त परीक्षण किया था? अदालत में पुलिस की ओर से पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं हो पाना इन सवालों को और गंभीर बना रहा है।

अंसारी के जमानत पर बाहर आने के बाद उनके गांव अरियांव में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहे हैं। उनका परिवार लंबे समय से गांव के सामाजिक कार्यों से जुड़ा रहा है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu