बक्सर । बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर लालगंज के समीप शनिवार की शाम तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पुत्र की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी शिवजी मिश्रा पीसी कॉलेज के समीप कपड़े की दुकान चलाते हैं। शनिवार की शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर अपने पुत्र विकास मिश्रा के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लालगंज के समीप तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान विकास मिश्रा ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शिवजी मिश्रा को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
सूचना के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि विकास मिश्रा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments