बक्सर । डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की नई पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का गुरुवार को पटना के विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में लोकार्पण किया गया। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखक को नई कृति के लिए शुभकामनाएं दीं।
लोकार्पण समारोह में शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक सहित शिक्षाविद् एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लेखक के अनुसार पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, विभिन्न योजनाओं, नीतियों और प्रमुख निर्णयों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक को समकालीन भारत के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य को समझने के लिए संदर्भ सामग्री के रूप में तैयार किया गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों और राजनीतिक-सामाजिक विषयों में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए भी इसे उपयोगी बताया गया है।
पुस्तक का प्रकाशन दिल्ली के पैनग्राम पब्लिशर्स ने किया है। लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव इससे पहले भी कई चर्चित पुस्तकों के माध्यम से साहित्य जगत में पहचान बना चुके हैं। डुमरांव की धरती से जुड़े भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की जीवनी के अलावा ‘वीर कुंवर सिंह की प्रेमकथा’, ‘विकास पुरुष’ और ‘वंदेमातरम्’ उनकी चर्चित कृतियों में शामिल हैं।
नई पुस्तक के लोकार्पण की खबर से डुमरांव समेत पूरे बक्सर जिले के साहित्यकारों और प्रबुद्धजनों में खुशी का माहौल है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments