बक्सर । सिमरी प्रखंड के बलिहार गांव स्थित ठाकुरबाड़ी में नवयुवक कृष्ण जन्माष्टमी मठिया पूजा समिति की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के बरही के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान पूरा गांव कृष्ण भक्ति में सराबोर रहा। अखंड कीर्तन की पूर्णाहुति के अवसर पर मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
महोत्सव को लेकर ठाकुरबाड़ी में लगातार 12 दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की। भगवान का विधिवत महाभिषेक कर छप्पन भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
अखंड कीर्तन में प्रसिद्ध कीर्तन कलाकार मनोज सिंह, धनजी दुबे, संजीत सिंह, सोनू पांडेय और सोनू कुमार ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों के भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। वहीं, कीर्तन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी गायक मुकुल सिंह और आशीष राय ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया।
महोत्सव में दूर-दराज से पहुंचे साधु-संतों ने भी भाग लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान ठाकुरबाड़ी परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजता रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों और युवाओं तक में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं की सक्रिय भूमिका रही। युवा कई दिनों से कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं में जुटे हुए थे। समिति के सदस्यों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से पूरा आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments