बक्सर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें संस्करण के लिए देशभर के चयनित 24 केंद्रों में बक्सर सदर विधायक सह पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा के जासो रोड स्थित कमल सेवा केंद्र का चयन किया गया है। बिहार से एकमात्र केंद्र के रूप में चयन होने की जानकारी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम को लेकर कमल सेवा केंद्र पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कल रविवार को सुबह 11 बजे प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम का कमल सेवा केंद्र पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। केंद्र के चयन को लेकर जिले के भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक आनंद मिश्रा को बधाई दी है।
कमल सेवा केंद्र पर ‘मन की बात’ के प्रसारण को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बक्सर के कमल सेवा केंद्र का राष्ट्रीय स्तर पर चयन जिले के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए बिहार में बक्सर का चयन होना पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कमल सेवा केंद्र पर नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जाता है, जहां विधायक स्वयं लोगों की समस्याएं सुनते हैं। इसके अलावा आम लोगों की शिकायतों को संबंधित विभाग एवं उचित फोरम तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग काउंटर भी बनाए गए हैं। केंद्र पर बक्सर सदर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों से भी लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं।
कार्यक्रम को लेकर केंद्र को सजाने-संवारने के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। विधायक आनंद मिश्रा ने क्षेत्रवासियों, जिलेवासियों और बिहारवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ के माध्यम से राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सामूहिक प्रगति से जुड़ी चर्चा को सुनना और उसमें सहभागी बनना सभी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments