नात-ए-पाक और तकरीरों से पुरनूर हुआ माहौल, पैगंबर के अमन व इंसानियत के संदेश को अपनाने की अपील
बक्सर । ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर साबित ख़िदमत फाउंडेशन एवं हॉस्पिटल, चीनी मिल, बक्सर में पूरी अकीदत, गरिमा और उत्साह के साथ जलसे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नात-ए-पाक से हुई, जिससे पूरा वातावरण नूरानी और आध्यात्मिक हो उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साबित ख़िदमत फाउंडेशन के निदेशक डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि रोटरी की ओर से बक्सर में स्थापित होने वाला “माँ अंसारी रोटरी ब्लड बैंक” स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों में सहयोग के लिए बक्सरवासियों और विभिन्न स्थानों से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. आलम ने महान शायर अल्लामा इक़बाल की प्रसिद्ध पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पैगंबर हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने पूरी मानवता को शांति, भाईचारे, दया, इंसानियत और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में अमन, मोहब्बत और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर मशहूर शायर साबित रोहतासवी ने नात-ए-शरीफ पेश कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत नात “मेरे गौस-ए-आज़म का मुझ पर करम है” को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
जलसे में डेंटल सर्जन डॉ. खालिद रज़ा, अधिवक्ता हामिद रज़ा, इंजीनियर शहीद रज़ा, बक्सर के प्रसिद्ध शायर शहरयार सहित अन्य नातख्वानों ने भी नात-ए-पाक पेश की। हाफिज़ मारूफ ने अपनी तकरीर के माध्यम से उपस्थित लोगों को संबोधित किया। वहीं, फख्र-ए-आलम सहित कई बच्चों ने नात-ए-शरीफ पढ़कर लोगों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. दिलशाद आलम ने सभी बक्सरवासियों और अतिथियों को ईद मिलादुन्नबी की दिली मुबारकबाद देते हुए आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
मौके पर मोहताब अली, निसार अहमद, गुलाम ख्वाजा, राहुल, नासिर, नसीम, नसरा, अमीनुल अशरफ, नबी रायजी, इंजीनियर शहीद रज़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments