Ad Code

हेरिटेज स्कूल में पर्यावरण एवं जल संरक्षण संकल्प कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया जल बचाने और पौधे लगाने का संकल्प



बक्सर । सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर हेरिटेज स्कूल, बक्सर के प्रांगण में विद्यार्थियों को पर्यावरण सुरक्षा, जल संरक्षण एवं हरियाली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष पर्यावरण एवं जल संरक्षण संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया।





कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ पर्यावरण सुरक्षा की शपथ ली। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करेंगे और जल को व्यर्थ नहीं बहने देंगे। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का भी संकल्प लिया।

इस दौरान विद्यार्थियों को पेड़-पौधों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा कूड़ेदान में डालने तथा पेड़-पौधों को अनावश्यक नुकसान नहीं पहुंचाने का भी संकल्प लिया। उन्हें बताया गया कि वृक्ष केवल हरियाली प्रदान नहीं करते, बल्कि वातावरण में ऑक्सीजन एवं वायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




संकल्प कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने एक मिनट का मौन एवं ध्यान रखा। इस दौरान बच्चों ने प्रकृति, वृक्षों और जीवनदायिनी ऑक्सीजन के महत्व को महसूस करते हुए उनके संरक्षण का संकल्प दोहराया।

विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक ने कहा कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना वर्तमान समय की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक बच्चा अपने स्तर पर जल, वृक्ष और प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेकर उसे अपने व्यवहार में उतारे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा “जल बचाएं, पेड़ लगाएं और प्रकृति को सुरक्षित बनाएं यही मानव जीवन एवं समाज की सुरक्षा का आधार है।”









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu