बक्सर । स्वयं शक्ति संगठन के बैनर तले डुमरांव की मुख्य सड़क के निर्माण एवं बदहाल सड़क व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को भी जारी रहा। धरना के समर्थन में मुंगाव पंचायत के मुखिया इंदल सिंह पहुंचे और स्थानीय जदयू विधायक राहुल सिंह पर जमकर निशाना साधा।
इंदल सिंह ने कहा कि डुमरांव की मुख्य सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। आए दिन राहगीर इन गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों का इस गंभीर समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के बजाय बिहार भ्रमण और स्वागत कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि डुमरांव की जनता बिजली, सड़क समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। चुनाव के दौरान जनता से कई वादे किए गए थे, लेकिन उन वादों को पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सड़क निर्माण की मांग को जायज बताते हुए आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
धरना स्थल पर कंझरुआ पंचायत के मुखिया असगर अली समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया। सभी ने डुमरांव की बदहाल सड़क व्यवस्था में जल्द सुधार और मुख्य सड़क के निर्माण की मांग उठाई।
वहीं, स्वयं शक्ति संगठन के कार्यकर्ता धीरज मिश्रा ने कहा कि डुमरांव की जनसमस्याओं को लेकर संगठन का अनिश्चितकालीन धरना मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण समेत संगठन की प्रमुख मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments