Ad Code

रक्षाबंधन पर पेड़ों को बांधा रक्षा सूत्र, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प



बक्सर । रक्षाबंधन और ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के अवसर पर शुक्रवार को ब्रह्मपुर प्रखंड के निमेज गांव में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तत्वावधान में वृक्ष बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण कार्यकर्ता नित्यानंद ओझा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान निमेज गांव स्थित बौरहवा बाबा शिव मंदिर परिसर में खड़े नीम के वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा गया। इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार रक्षाबंधन के पर्व पर भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार प्रकृति और वृक्षों की रक्षा करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।





इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, दक्षिण बिहार के जन संवाद प्रमुख शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। पेड़ हमें प्राणवायु प्रदान करने के साथ-साथ जल, मिट्टी और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी आवश्यक है।

शैलेश कुमार ओझा ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व रिश्तों की रक्षा का संदेश देता है। इसी भावना को प्रकृति से जोड़ते हुए वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधा गया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ पहले से मौजूद पेड़ों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की अपील की।





कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भोजपुर विभाग के सेवा प्रमुख शिवजी पांडेय, भाजपा नेता सुबोध जायसवाल, कॉलेज यूनी के संस्थापक शशि रंजन तिवारी, अजीत यादव, गुड्डू पाठक, डॉ. प्रीतम, तालकेश्वर जायसवाल सहित पर्यावरण संरक्षण गतिविधि से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने वृक्षों की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाज में हरित चेतना बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि वृक्षों की रक्षा केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की भी जिम्मेदारी है।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आयोजित वृक्ष बंधन कार्यक्रम ने प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार का प्रेरक संदेश दिया।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu