Ad Code

बक्सर की बेटी कमलाक्षी कुमारी बनीं सीबीआई अधिकारी, सिविल सेवा परीक्षा में हासिल किया 11वां रैंक


बक्सर । जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत निमेज गांव की बेटी कमलाक्षी कुमारी ने सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परीक्षा में 11वां रैंक प्राप्त करने के बाद उनका चयन सीबीआई अधिकारी के पद पर हुआ है। कमलाक्षी की इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।





कमलाक्षी कुमारी न्यायिक पदाधिकारी राज सूजान पांडेय की पुत्री हैं। उनके पिता वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई न्यायालय में पदस्थापित हैं। बताया जाता है कि शुरू से ही कमलाक्षी को घर में पढ़ाई-लिखाई और न्याय के प्रति सकारात्मक माहौल मिला, जिसका असर उनके करियर पर भी देखने को मिला।

कमलाक्षी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद दसवीं की पढ़ाई सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बक्सर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने 12वीं की शिक्षा महिला महाविद्यालय, भभुआ, कैमूर से प्राप्त की। उच्च शिक्षा उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से हासिल की।




वकालत के क्षेत्र में भी कमलाक्षी सक्रिय रहीं। उन्होंने व्यवहार न्यायालय, बक्सर में टेबल नंबर 32 पर वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण कुमार सिंह के साथ प्रैक्टिस करते हुए यह सफलता हासिल की। उनकी सफलता पर अधिवक्ता अरुण कुमार सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि कमलाक्षी एक मेधावी और मेहनती अधिवक्ता रही हैं। वह लोगों को न्याय दिलाने के कार्यों में भी सक्रियता से भाग लेती थीं।

बताया गया कि कमलाक्षी का लक्ष्य न्यायिक सेवा में जाना है। हालांकि, वर्तमान में उनका चयन सीबीआई में हुआ है, लेकिन वह आगे भी न्यायिक सेवा की तैयारी जारी रखेंगी।

कमलाक्षी कुमारी की सफलता पर अधिवक्ता संघ के सदस्यों, न्यायिक पदाधिकारियों और क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। निमेज गांव की बेटी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu