Ad Code

क्यूआर कोड से साइबर ठगी की रकम खपाने वाला गिरफ्तार, नाबालिग भी निरुद्ध


बक्सर । बक्सर साइबर थाना पुलिस ने क्यूआर कोड के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके साथ शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने दोनों के पास से चार मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 39 हजार 10 रुपये नकद, पासबुक, चिप और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में करीब 20 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड की रकम के लेन-देन में शामिल होने की बात सामने आई है।




पुलिस अधीक्षक सह साइबर थाना प्रभारी समीर कुमार सिंह ने बताया कि एक साइबर कैफे संचालक के साथ करीब 80 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी कि ठगी करने वाला युवक अगले दिन दोबारा उसके कैफे पर आने वाला है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इटाढ़ी निवासी 30 वर्षीय चंदन कुमार, पिता धनराज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

चंदन की निशानदेही पर पुलिस ने एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया। चंदन के पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए, जबकि नाबालिग के पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, 39 हजार 10 रुपये नकद, एक पासबुक, एक चिप और दो एटीएम कार्ड जब्त किए गए।




जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग टेलीग्राम समूहों से जुड़े थे। इन समूहों के जरिए उन्हें बैंक खातों की जानकारी दी जाती थी। आरोपी दुकानदारों के क्यूआर कोड हासिल कर साइबर ठगी की रकम उनके खातों में मंगाते थे और इसके बदले दुकानदारों को नकद राशि देकर रकम निकाल लेते थे। बाद में यह नकद राशि टेलीग्राम समूहों के माध्यम से बताए गए अन्य बैंक खातों में जमा कराई जाती थी।

इस पूरे लेन-देन के बदले आरोपियों को करीब 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी केवल बक्सर ही नहीं, बल्कि रोहतास और आरा में भी इसी तरीके से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करते थे। पूछताछ में करीब 20 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड से जुड़े होने की जानकारी मिली है।पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu