बक्सर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बक्सर नगर इकाई द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को कँवलदह पोखरा स्थित शहीद स्मारक पर दीपोत्सव एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन प्रियांशु शुभम ने किया। इस अवसर पर विभाग संयोजक अविनाश पांडे ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के बलिदान से सुरक्षित हैं और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं नगर मंत्री विवेक पांडेय ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल जीत का उत्सव नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विराज सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमेशा राष्ट्रभक्ति, सेवा और संस्कार के मूल्यों के साथ कार्य करती रही है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और शहीदों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन दुर्गेश पांडेय ने किया।
इस अवसर पर अजीत कुमार, शुभांकित पांडेय, हिमांशु कश्यप, सौरभ चौबे, सुधांशु ओझा, राहुल कुमार, नितेश कुमार सहित अभाविप के दर्जनों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments