Ad Code

स्व. शिवनाथ सिंह की स्मृति में बक्सर में मिनी मैराथन, सिवान की पूजा सिंह व बक्सर के रोहन कुमार बने विजेता


बक्सर । नगर के किला मैदान में रविवार की सुबह दौड़ते कदमों के साथ युवाओं का उत्साह भी देखने को मिला। महान धावक स्वर्गीय शिवनाथ सिंह की स्मृति में आयोजित मिनी मैराथन प्रतियोगिता में बक्सर समेत कई जिलों के धावकों ने अपनी प्रतिभा और रफ्तार का शानदार प्रदर्शन किया। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता अरविंद अकेला 'कल्लू' के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।





सुबह पांच बजे किला मैदान स्थित पुलिस चौकी से मिनी मैराथन की शुरुआत हुई। बालक वर्ग के लिए 5 किलोमीटर तथा बालिका वर्ग के लिए 3 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और युवाओं ने भाग लिया।

बालिका वर्ग में सिवान की पूजा सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बक्सर के रोहन कुमार ने बालक वर्ग का खिताब अपने नाम किया। दोनों विजेताओं को 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। बालिका वर्ग में वाराणसी की प्रतिमा वर्मा दूसरे और वंदना तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं बालक वर्ग में बक्सर के कुलदीप यादव दूसरे तथा वाराणसी के सुनील राजभर तीसरे स्थान पर रहे। दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 5100 रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वालों को 2100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। चौथे से 20वें स्थान तक आने वाले सभी धावकों को 500-500 रुपये देकर सम्मानित किया गया।




आयोजक ओम जी यादव ने बताया कि प्रतियोगिता का नारा "दौड़ेगा बक्सर, जीतेगा माखन भोग हीरो" रखा गया था। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि युवाओं को फिटनेस, नियमित व्यायाम, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि बक्सर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त बालिका धावक पूजा सिंह को माखन भोग हीरो की ओर से 11 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया, जबकि अन्य सभी विजेताओं को पुरस्कार राशि ओम जी यादव की ओर से दी गई।

इस आयोजन को भोजपुरी गायक एवं अभिनेता अरविंद अकेला 'कल्लू' का संरक्षण प्राप्त था। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओम जी यादव ने की। पुरस्कार वितरण समारोह में रामाशंकर कुशवाहा, माखन भोग हीरो के प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu