बक्सर । चौसा के ऐतिहासिक महत्व को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित कराने की दिशा में नई पहल की गई है। नगर पंचायत चौसा की चेयरमैन किरण देवी के प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री से मुलाकात कर चौसा के ऐतिहासिक युद्धस्थल के समग्र विकास एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने मंत्री को विस्तृत मांगपत्र भी सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि 26 जून 1539 को चौसा की ऐतिहासिक धरती पर शेरशाह सूरी और मुगल सम्राट हुमायूं के बीच निर्णायक युद्ध हुआ था, जिसने भारतीय इतिहास की दिशा बदल दी। इसके बावजूद यह ऐतिहासिक स्थल आज भी बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन विकास से वंचित है। मांगपत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा चौसा युद्धस्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर की गई घोषणा का उल्लेख करते हुए उसे शीघ्र धरातल पर उतारने का आग्रह किया गया।
डॉ. मनोज कुमार यादव ने चौसा बारे मोड़ पर शेरशाह स्वागत द्वार के निर्माण, शेरशाह गढ़ से कर्मनाशा नदी तक सड़क निर्माण, बारे मोड़ से शेरशाह गढ़ तक नाला निर्माण तथा पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से चौसा ऐतिहासिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार चौसा के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए विकास योजनाओं को प्राथमिकता देगी, जिससे यह स्थल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments