Ad Code

8 अगस्त को बक्सर में होगी भव्य राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता, राष्ट्रभक्ति गीतों से गुंजायमान होगा मानस भवन


बक्सर । भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की विश्वामित्र शाखा, बक्सर द्वारा 8 अगस्त 2026 को एम.वी. कॉलेज स्थित मानस भवन में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों की सामूहिक प्रस्तुति देंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

इस संबंध में रविवार को होटल एम.जी. रेजीडेंसी में परिषद की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय ने की। बैठक में प्रतियोगिता की रूपरेखा, विभिन्न समितियों का गठन, कार्यों का विभाजन तथा विद्यालयों के साथ समन्वय सहित सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।





बैठक को संबोधित करते हुए वर्षा पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभाव जागरण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में युवाओं के भीतर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामूहिकता और भारतीय संस्कारों का विकास करना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यालयों की टीमें भाग लेंगी। बच्चों की सामूहिक स्वर-लहरियां पूरे जिले में राष्ट्रभक्ति का वातावरण तैयार करेंगी और बक्सर की धरती राष्ट्रीय चेतना के ओज से आलोकित होगी।




बैठक में सचिव संजय राय, कोषाध्यक्ष मनोज दुबे, संस्कार संयोजक प्रकाश पाण्डेय, महिला एवं बाल विकास संयोजक रीना शर्मा, सेवा संयोजक मीरा सिंह, संपर्क संयोजक मंजू तिवारी, पर्यावरण संयोजक विपिन कुमार सहित भरत प्रसाद, विकास कौशिक, सरोज तिवारी, अमित पांडेय, अखिलेश जी, हरेंद्र पांडेय, सरोज दुबे, वार्ड पार्षद संगीता सिंह, आनंद कुमार पाण्डेय एवं अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता का आयोजन उच्च गुणवत्ता, अनुशासन और गरिमा के साथ किया जाएगा। परिषद ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu