बक्सर । डुमरांव नगर के साफाखाना रोड पर 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पीसीसी सड़क और नाला निर्माण कार्य ने नया मोड़ ले लिया है। सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर उठ रहे विवाद के बीच शुक्रवार से पुरानी सड़क को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया। संवेदक का कहना है कि प्राक्कलन के अनुसार सड़क का लेवल ठीक करने के लिए जहां आवश्यकता है, वहां पुरानी सड़क तोड़कर नई ढलाई की जा रही है।
बुडको की ओर से 573 मीटर लंबी और 12 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के तहत चार फीट हिस्से में पेवर ब्लॉक लगाया जाएगा, जबकि सड़क के दक्षिणी भाग में नाले का निर्माण भी किया जा रहा है। इस पूरी योजना पर करीब 86 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
एक तरफ नाला बनने से लोगों में नाराजगी
साफाखाना रोड वार्ड संख्या 22 और 33 को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है। हल्की बारिश में भी यहां जलजमाव की समस्या बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी होती है। सड़क के केवल एक तरफ नाला बनाए जाने से नाराज लोगों ने डुमरांव एसडीएम को आवेदन देकर उत्तरी भाग में भी नाला निर्माण कराने की मांग की थी।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर हुआ था विरोध
सड़क निर्माण के दौरान भाजपा नेत्री शीला त्रिवेदी समेत स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। लोगों की मांग थी कि नई सड़क बनाने से पहले पुरानी सड़क को पूरी तरह तोड़ा जाए। इस मुद्दे पर संवेदक और स्थानीय लोगों के बीच बहस भी हुई थी। अब पुरानी सड़क तोड़े जाने के बाद लोगों की एक प्रमुख आपत्ति दूर होती दिख रही है।
संवेदक बोले- प्राक्कलन के अनुसार हो रहा काम
संवेदक अशोक कुमार ने बताया कि जहां सड़क का लेवल नीचे है, वहां प्राक्कलन के अनुरूप पुरानी सड़क तोड़कर नई ढलाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि निर्माण कार्य पूरी तरह निर्धारित मानकों और तकनीकी प्रावधानों के अनुसार किया जा रहा है।
एसडीएम ने नगर परिषद को दिए निर्देश
डुमरांव के एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि स्थानीय नागरिकों का आवेदन नगर परिषद को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं को देखते हुए नगर परिषद को सड़क के उत्तरी भाग में भी नाला निर्माण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments