Ad Code

आरओबी संकट पर विधायक आनंद मिश्र ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग



बक्सर । इटाढ़ी रोड स्थित नवनिर्मित रेल उपरिगामी पुल (आरओबी) के क्षतिग्रस्त होने से उत्पन्न आवागमन संकट को लेकर बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुल बंद होने से लाखों लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और मरम्मत पूरी होने तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी (गेट संख्या 70B/T) को अस्थायी रूप से खोलना जनहित में आवश्यक है।

विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने 18 जून 2026 को ही पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र भेजकर इटाढ़ी रेलवे गुमटी को अस्थायी रूप से चालू करने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इसके चलते पूरे क्षेत्र का यातायात वैकल्पिक मार्गों पर निर्भर हो गया है।




उन्होंने कहा कि वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव होने से प्रतिदिन लंबा जाम लग रहा है। हाल ही में एक भारी ट्रक के पलट जाने से घंटों तक आवागमन बाधित रहा, जिससे आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विद्यालय खुलने के बाद प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं को शहर आना-जाना पड़ रहा है, वहीं मरीजों को लेकर आने वाली एम्बुलेंस भी जाम में फंस रही हैं, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

पत्र में विधायक ने यह भी कहा है कि तकनीकी कारणों से आरओबी की मरम्मत और सुरक्षित संचालन में दो से तीन माह अथवा उससे अधिक समय लग सकता है। ऐसी स्थिति में यदि कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी।






आनंद मिश्र ने मुख्यमंत्री से रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड से समन्वय स्थापित कर आरओबी की मरम्मत एवं पुनर्संचालन का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर कराने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने मांग की कि मरम्मत पूरी होने तक सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इटाढ़ी रेलवे गुमटी (गेट संख्या 70B/T) को अस्थायी रूप से चालू कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।

विधायक ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री का त्वरित हस्तक्षेप लाखों नागरिकों को राहत पहुंचाएगा और बक्सर में सामान्य जनजीवन को जल्द पटरी पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu