Ad Code

भरत तिवारी प्रकरण के बीच जगदीशपुर एसडीओ का तबादला, सामान्य प्रशासन विभाग में किया गया पदस्थापित


बक्सर/पटना । भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी कथित फेक एनकाउंटर मामले के बीच बिहार सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को जारी अधिसूचना के माध्यम से जगदीशपुर (भोजपुर) के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजीत कुमार का तबादला कर उन्हें तत्काल प्रभाव से सामान्य प्रशासन विभाग, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया है।





बिहार सरकार के उप सचिव राजीव रंजन दास द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बिहार प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी संजीत कुमार को उनके वर्तमान पद से कार्यमुक्त करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान देने को कहा गया है। हालांकि अधिसूचना में स्थानांतरण का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन इसे भरत तिवारी प्रकरण के बाद हुई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

इधर, शुक्रवार को भरत तिवारी के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। परिजनों ने कथित फेक एनकाउंटर से जुड़े विभिन्न तथ्यों से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग रखी।





उल्लेखनीय है कि भरत तिवारी के कथित फेक एनकाउंटर का मामला पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले की न्यायिक प्रक्रिया जारी है और परिजन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। इसी बीच सरकार की प्रशासनिक गतिविधियों और लगातार हो रही कार्रवाई ने इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

फिलहाल सरकार की ओर से एसडीओ के तबादले और भरत तिवारी मामले के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में अब सबकी निगाहें सरकार और जांच एजेंसियों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu