Ad Code

बक्सर में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दिल्ली का कुख्यात चोर समेत तीन गिरफ्तार


बक्सर । बक्सर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली के एक कुख्यात वाहन चोर समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। स्टेशन रोड स्थित होटल अप्सरा में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हाईटेक चाबी कोडिंग मशीन, मास्टर चाबियां, ड्रिल मशीन और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह बक्सर को अपना नया ठिकाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।




पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली का एक शातिर वाहन चोर अपने साथियों के साथ होटल अप्सरा में ठहरा हुआ है और किसी बड़ी वाहन चोरी की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की। होटल कर्मियों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी लेने पर तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी रवि चौहान के बैग से XHORSE OBD Tool मशीन बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल आधुनिक वाहनों की डिजिटल चाबी को कोड करने में किया जाता है। इसके अलावा पुलिस ने छह मास्टर चाबियां, एक ड्रिल मशीन, रिंच, पांच पेचकस, टॉर्च तथा विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।





थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में रवि चौहान ने स्वीकार किया कि वह दिल्ली में वाहन चोरी के कई मामलों में तिहाड़ जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने बक्सर के अपने पुराने साथी अजीत सिंह से संपर्क किया। गिरोह दिन में शहर में रेकी करता था और रात में वाहन चोरी कर उन्हें शराब, गांजा और चरस तस्करों को कम कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रवि चौहान (मोहननगर, दिल्ली), मोहम्मद रेहान आलम (पातेपुर, वैशाली) और सोनू कुमार (गोरौल, वैशाली) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं इस गिरोह के स्थानीय मास्टरमाइंड अजीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu