Ad Code

पेपर लीक और NTA के विरोध में बक्सर में छात्र-युवाओं का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग


बक्सर । देशभर में विभिन्न परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर 13 दिनों से चल रहे भूख हड़ताल के समर्थन में शुक्रवार को बक्सर में आइसा (AISA), आरवाईए (RYA) और इनौस के बैनर तले विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को समाप्त करने तथा नई शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) को वापस लेने की मांग उठाई।



अंबेडकर चौक से शुरू हुआ विरोध मार्च ज्योति चौक तक पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा का संचालन आइसा के जिला सचिव अखिलेश ठाकुर ने किया, जबकि अध्यक्षता आरवाईए के जिला संयोजक राजदेव सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डुमरांव के पूर्व विधायक एवं इनौस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत कुशवाहा शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए अजीत कुशवाहा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे भूख हड़ताल का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीट (NEET), यूजीसी-नेट (UGC-NET) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नई शिक्षा नीति-2020 शिक्षा के निजीकरण को बढ़ावा दे रही है, जिससे गरीब, दलित और मजदूर वर्ग के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक पर रोक लगाने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं ने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर देशभर में आंदोलन तेज हो रहा है और इसमें छात्र, शिक्षक, किसान, मजदूर तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है।

प्रदर्शन और सभा में आरवाईए के राज्य नेता बीरन यादव, जिला नेता रवि मौर्या, रविशंकर राम, बलीराम पासवान, कृष्णा यादव, दीपू कुमार, सर्वेश पांडेय, बब्लू कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में ऐपवा नेता संध्या पाल भी मौजूद रहीं।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu