बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर गीतानगर बसही के समीप गुरुवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बसही गांव निवासी श्रीकवल राम (पिता- मुक्तेश्वर राम) के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीकवल राम एक छोटे बच्चे के साथ सरदार सिंह अस्पताल के पास स्थित एक नाश्ते की दुकान की ओर जा रहे थे। सड़क पार करने के दौरान बक्सर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बस के साथ कई मीटर तक घसीटते चले गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि उनके साथ मौजूद बच्चा इस हादसे में सुरक्षित बच गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और यातायात को सामान्य कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बक्सर भेज दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments