बक्सर । उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह सेतु से शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक युवती ने गंगा नदी में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद मछुआरों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती उत्तर प्रदेश के भरौली की ओर से पुल पर आई और अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख पुल से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरे तत्काल नाव लेकर युवती की ओर पहुंचे। उस समय युवती पानी में डूबने लगी थी, लेकिन मछुआरों ने समय रहते उसे बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया। समाचार लिखे जाने तक युवती की पहचान नहीं हो सकी थी।
गौरतलब है कि वीर कुंवर सिंह सेतु से गंगा नदी में छलांग लगाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कई मामलों में लोगों की जान नहीं बच सकी, लेकिन इस बार मछुआरों की तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments