बक्सर । जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के इंदौर गांव निवासी, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं विज्ञान के विद्वान स्वर्गीय रामकृष्ण सिंह उर्फ बी.एससी. मास्टर साहब की स्मृति में उनके पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा सैकड़ों ग्रामीणों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने स्व. सिंह को अपना गुरु बताते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन से लेकर आज तक उन्हें उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिलता रहा। उन्होंने कहा कि स्व. रामकृष्ण सिंह के निधन से समाज ने एक ऐसे शिक्षक और विद्वान को खो दिया है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। उनके अनेक शिष्य आज देश के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
श्रद्धांजलि सभा में इंदौर पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष विनोद चौबे एवं पूर्व मुखिया भगवान चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने स्व. सिंह की वैज्ञानिक प्रतिभा और अद्भुत प्रयोगों को याद किया। वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1970 के दशक में उन्होंने अपने घर पर लगभग तीन किलोमीटर तक प्रसारण करने वाला रेडियो स्टेशन तैयार किया था, जिसकी चर्चा दूर-दूर तक होती थी। इसके अलावा उन्होंने रेडियो के दो स्पीकर और दो स्विच की मदद से लगभग 500 मीटर क्षमता का वायरलेस सिस्टम भी विकसित किया था। गणित और विज्ञान पर उनकी गहरी पकड़ तथा नवाचार की सोच को सभी ने प्रेरणादायक बताया।
समाजसेवी राजेश यादव एवं युवा जदयू प्रदेश महासचिव आजाद सिंह राठौर ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। श्रद्धांजलि सभा देर रात तक चलती रही, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर उनके शांत, सौम्य, अनुशासित और मर्यादित व्यक्तित्व को याद करते रहे।
स्व. रामकृष्ण सिंह ने बक्सर जिले के धनसोई उच्च विद्यालय और कैथना उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में सेवाएं दीं। बाद में कैमूर जिले के अखलासपुर उच्च विद्यालय से प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और 18 जून 2026 को दिल्ली के बेस अस्पताल में 88 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। अपने पीछे वे पत्नी, तीन पुत्र एवं सात पोते-पोतियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से शिक्षा जगत और समाज में शोक की लहर है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments