Ad Code

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बिलौटी पहुँचे माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग



बक्सर । भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में भरत तिवारी की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के गांव पहुंचने का सिलसिला जारी है। बुधवार को बक्सर के युवा समाजसेवी रामजी सिंह के साथ माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, पालीगंज विधायक संदीप सौरव, डुमरांव के पूर्व माले विधायक डॉ. अजीत सिंह कुशवाहा, माले नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राजू यादव सहित कई नेताओं ने बिलौटी पहुंचकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।




रामजी सिंह ने बताया कि नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने उस घटनास्थल का भी दौरा किया, जहां 17 जून को पुलिस द्वारा किए गए कथित एनकाउंटर में भरत तिवारी की मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने जवईनिया गांव के बाढ़ प्रभावित विस्थापित परिवारों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने नेताओं को बताया कि भरत तिवारी विस्थापितों के अधिकारों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे।





श्रद्धांजलि सभा के दौरान माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों की अविलंब गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध हत्या का मुकदमा चलाने की मांग की। वहीं पूर्व विधायक डॉ. अजीत सिंह कुशवाहा ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

रामजी सिंह ने कहा कि भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला अब किसी एक जाति, दल या क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा, कांग्रेस, जदयू, राजद सहित वामपंथी दलों के नेता भी परिजनों से मिल चुके हैं और न्याय की मांग को लेकर समाज के विभिन्न वर्ग एकजुट हो रहे हैं।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu