बक्सर । भारतीय डाक विभाग "डाक सेवा जन सेवा" के संकल्प के तहत आम नागरिकों को बेहतर, त्वरित एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। इसी क्रम में बक्सर प्रधान डाकघर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए एक अतिरिक्त आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। साथ ही स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल एवं अन्य डाक बुकिंग सेवाओं का समय भी बढ़ाकर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कर दिया गया है।
डाक अधीक्षक, बक्सर प्रमंडल कुमारी सरिता ने बताया कि प्रधान डाकघर में पहले से संचालित आधार सेवा केंद्र पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आधार नामांकन एवं अपडेट संबंधी सेवाओं का लाभ ले रहे थे। बढ़ती मांग को देखते हुए एक और आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है, जिससे लोगों को कम समय में बेहतर सुविधा मिल सकेगी। नए केंद्र पर नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल तथा बायोमेट्रिक अपडेट सहित सभी आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने बताया कि भविष्य में बक्सर प्रमंडल के अन्य डाकघरों में भी आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोगों को अपने नजदीकी डाकघर में ही आधार संबंधी सभी सुविधाएं मिल सकें।
डाक अधीक्षक ने बताया कि आम जनता, व्यापारियों, विद्यार्थियों और ई-कॉमर्स ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बक्सर प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल एवं अन्य डाक बुकिंग सेवाओं का समय बढ़ाकर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कर दिया गया है। इससे अब नागरिक लगातार 12 घंटे तक इन सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। विस्तारित समय का लाभ विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों को मिलेगा।
उन्होंने भारतीय डाक विभाग की भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0 की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना बेरोजगार युवाओं और उद्यमियों के लिए स्वरोजगार का बेहतर अवसर है। इसके तहत इच्छुक व्यक्ति स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक की बुकिंग एवं डिलीवरी सेवाओं से जुड़कर अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। विभाग की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार फ्रेंचाइजी धारकों को 7 से 30 प्रतिशत तक आकर्षक कमीशन प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने शिक्षित युवाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं छोटे उद्यमियों से इस योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर भारत अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।
कुमारी सरिता ने कहा कि भारतीय डाक विभाग अब केवल डाक वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि आधार, बैंकिंग, बीमा, पार्सल एवं डिजिटल सेवाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सुविधाएं पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और संतुष्टि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बक्सर प्रमंडल के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से डाकघरों में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments