Ad Code

मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी आस्था, बुढ़िया काली माई मंदिर में श्रद्धा से संपन्न हुई वार्षिक पंचित पूजा


बक्सर । नगर के बाईपास रोड स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक बुढ़िया काली माई मंदिर में सोमवार को वार्षिक पंचित पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में विधिवत संपन्न हुई। नगर की अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजित मां बुढ़िया काली के दर्शन एवं पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा। मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अटूट रही और देर रात तक हजारों भक्तों ने मां के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक, पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रातः चार बजे से ही दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया था। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन, सुरक्षा और पूजा व्यवस्था को लेकर समिति के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक पूरे दिन सेवा में जुटे रहे। माइक के माध्यम से लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुरक्षा संबंधी घोषणाएं भी की जाती रहीं।





समिति के अध्यक्ष प्रदीप राय, सचिव शिवकुमार खेमका, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार सर्राफ एवं सुरक्षा सहायक बसंत कुमार के नेतृत्व में पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई, जबकि गर्भगृह में महिलाओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए महिला स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात रही। महिला एवं पुरुष पुलिस बल भी पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहा।

दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ माता की पारंपरिक वार्षिक पंचित पूजा संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, शर्बत, विशाल वाटरप्रूफ टेंट तथा निःशुल्क जूता-चप्पल स्टैंड की व्यवस्था की गई थी। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच चना-गुड़, पूड़ी एवं हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने मां बुढ़िया काली के साथ भैरव बाबा, घरबसवनी माता एवं निमिया माई की भी विधिवत पूजा-अर्चना कर पूड़ी, चना, गुड़, बतासा एवं नारियल अर्पित किया।




पूरे दिन मंदिर परिसर "जय मां काली बक्सर नगर वाली" के जयघोष से भक्तिमय बना रहा। रात्रि 8:30 बजे छप्पन भोग के साथ माता की भव्य एवं दिव्य आरती के पश्चात वार्षिक पंचित पूजा का समापन हुआ। मंदिर प्रबंधन समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मां बुढ़िया काली से समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर समिति के सदस्य बिहारी केशरी, लालजी वर्मा, मुन्ना केशरी, पहाड़ी वर्मा, दीपक जायसवाल, विनोद वर्मा, दीपक केशरी, बिट्टू केशरी, संदीप वर्मा, आदित्य कुमार, विंदा वर्मा, अनिल पटवा, गद्दी वर्मा, पारुल वर्मा, मनोज कुमार, सुनील गुप्ता, विनय वर्मा, संजय चौधरी, आकाश वर्मा, प्रमोद वर्मा, राजकपूर वर्मा, अनुप वर्मा, रामजी अग्रवाल, सरोज वर्मा, दीपक वर्मा, बड़े वर्मा, काशी जायसवाल, सुमित वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu