Ad Code

डुमरांव में एनएच-120 की बदहाल सड़क बनी मुसीबत, हल्की बारिश में बढ़ा खतरा; जाम से कारोबार और रेल यात्री परेशान



बक्सर । डुमरांव नगर से गुजरने वाली एनएच-120 की जर्जर हालत आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव और गड्ढों के कारण बाइक चालकों तथा पैदल राहगीरों का चलना जोखिम भरा हो गया है। सड़क की बदहाली से आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।




स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान भी एनएच-120 की खराब स्थिति प्रमुख चुनावी मुद्दा रही थी। चुनाव के बाद क्षेत्र में राजनीतिक बदलाव भी हुआ, लेकिन सड़क की समस्या अब तक जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है।

खराब सड़क के कारण नगर में अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। विशेषकर बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान लंबा जाम लग जाता है, जिससे स्थानीय व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम में फंसने के कारण कई यात्रियों की ट्रेनें तक छूट जा रही हैं।





इधर, क्षेत्रीय जदयू विधायक राहुल सिंह लगातार यह दावा करते रहे हैं कि डुमरांव में अत्याधुनिक और सबसे सुंदर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक इन दावों का असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है और सड़क की स्थिति पहले की तरह ही खराब बनी हुई है।

नगरवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से एनएच-120 की शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और जाम की समस्या से भी राहत मिल सके।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu