बक्सर । जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड की रघुनाथपुर पंचायत में पिछले एक माह से चल रहे RPL सीजन-4 क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन हो गया। पंचायत के मुखिया गुड्डू पासवान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में पंचायत के सभी 15 वार्डों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में वार्ड नंबर-7 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड नंबर-13 को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक चले फाइनल मुकाबले में वार्ड नंबर-13 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 47 रन बनाए। जवाब में वार्ड नंबर-7 की टीम ने मात्र दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। मैच के दौरान चौकों, छक्कों और विकेटों पर दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
समापन समारोह में मुखिया गुड्डू पासवान, तुलसी विचार मंच के संयोजक एवं पर्यावरण कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा, कमलेश सिंह यादव, रवि कुमार सिंह तथा मिथिलेश यादव ने संयुक्त रूप से विजेता टीम के कप्तान ट्विंकल यादव को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम के कप्तान बिट्टू कुमार एवं उनकी टीम को भी मेडल और सम्मान-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में फागू यादव को मैन ऑफ द मैच, बिट्टू कुमार को मैन ऑफ द सीरीज एवं पर्पल कैप, जबकि गौतम कुमार को ऑरेंज कैप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर तुलसी विचार मंच के संयोजक एवं पर्यावरण कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पंचायत और गांव स्तर पर खेल मैदानों का विकास किया जाए तथा ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करते हैं।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अंपायर की भूमिका निशु सोनी, लेग अंपायर के रूप में ओमकार तथा कमेंट्री की जिम्मेदारी सर्वजीत कुमार और मुहम्मद अजहर ने निभाई।
आयोजन को सफल बनाने में बिपुल, करण, विशाल, सूरज, कंचन, रितेश, रविकांत सहित अनेक युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया। उपस्थित लोगों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments