बक्सर । बक्सर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लावारिस हालत में रखे पांच बैगों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुन्दन सिंह ने बताया कि गुरुवार को सुबह करीब 11:20 बजे बक्सर स्टेशन पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 20802 के स्टेशन से रवाना होने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के समीप पांच लावारिस बैग एवं झोले पड़े मिले। संदेह होने पर बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड के 368 टेट्रा पैक बरामद हुए। बरामद शराब की कुल मात्रा 66.24 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 47,840 रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक बी.एस. ओझा, सहायक उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय तथा हेड कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और बिहार उत्पाद (संशोधन) अधिनियम के तहत शराब का परिवहन एवं भंडारण दंडनीय अपराध है। बरामद शराब को जब्त कर जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया है, जहां बिहार आबकारी संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments