बक्सर । जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। परीक्षा के दिन सुबह 4 बजे से शाम 7 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा, ऑटो और बसों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं बड़े वाहनों, ट्रैक्टर एवं पिकअप वाहनों के लिए सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक नो-एंट्री लागू रहेगी।
एसपी कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार अस्कमिनी माता मंदिर से पाण्डेय पट्टी क्षेत्र तक सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को गोलम्बर बाईपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़ और दानी कुटिया होते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। ईटाढ़ी की ओर जाने और वहां से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग वन-वे रूट तय किए गए हैं ताकि यातायात सुचारु बना रहे और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, मरीजों को ले जाने वाले वाहन तथा अन्य आवश्यक सेवा से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान अपना रेलवे टिकट साथ रखने की सलाह दी गई है, ताकि जांच के समय उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि परीक्षा के दिन अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का उपयोग करने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष व्यवस्थाओं का उद्देश्य परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना, यातायात को सुगम बनाए रखना तथा शहर में जाम की स्थिति से बचाव करना है।
बक्सर पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें।


















0 Comments