Ad Code

बंद इटाढ़ी रेलवे गुमटी को खोलने की मांग तेज, सदर विधायक आनंद मिश्रा ने DRM को लिखा पत्र


बक्सर । बक्सर-इटाढ़ी रोड स्थित नवनिर्मित रेल उपरिगामी पुल (ROB) के क्षतिग्रस्त होने के बाद क्षेत्र में उत्पन्न यातायात संकट को देखते हुए सदर विधायक आनंद मिश्रा ने बंद पड़ी इटाढ़ी रेलवे गुमटी (गेट संख्या-70B/T) को अस्थायी रूप से पुनः संचालित करने की मांग उठाई है। विधायक ने इस गंभीर जनसमस्या को लेकर पूर्व मध्य रेलवे, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।




18 जून को भेजे गए पत्र में विधायक आनंद मिश्रा ने कहा है कि बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर स्थित नव निर्मित रेलवे ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त हो जाने से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। वहीं पूर्व में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को भी स्थायी रूप से बंद कर दिए जाने के कारण इटाढ़ी, धनसोई, दिनारा तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि इस स्थिति से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। विद्यालय एवं महाविद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। इसके अलावा वैकल्पिक मार्गों पर अत्यधिक दबाव के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है।






आनंद मिश्रा ने जनहित का हवाला देते हुए रेल प्रशासन से अनुरोध किया है कि क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज की मरम्मत और सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित होने तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी (गेट संख्या-70B/T) को आवश्यक सुरक्षा मानकों के अनुरूप अस्थायी रूप से पुनः चालू किया जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन की समस्या काफी हद तक कम हो सकेगी।

विधायक की इस पहल को क्षेत्र के लोगों ने सराहनीय बताते हुए उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन जल्द ही मामले पर सकारात्मक निर्णय लेकर आमजन को राहत प्रदान करेगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu