Ad Code

भोजपुर-सिमरी सड़क को कैलाशपति मिश्र के नाम पर करने की मांग, भाजपा जिलाध्यक्ष ने पथ निर्माण मंत्री को सौंपा ज्ञापन



पटना/बक्सर । भारतीय जनता पार्टी के बक्सर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र से मुलाकात कर पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ी भोजपुर-सिमरी सड़क का नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं "भीष्म पितामह" कहे जाने वाले श्रद्धेय कैलाशपति मिश्र के नाम पर रखने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।



ज्ञापन में कहा गया है कि पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ी भोजपुर-सिमरी सड़क पथ निर्माण विभाग के अधीन है। यदि इस मार्ग का विस्तार बड़का राजपुर, छोटका राजपुर, केशोपुर, बड़कागांव, मानसिंह पट्टी और दुधारचक होते हुए पड़री मोड़ तक किया जाए तो यह पुनः पटना-बक्सर हाईवे से जुड़ जाएगा। प्रस्तावित मार्ग का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पथ निर्माण विभाग तथा 40 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण सड़क अभियंत्रण विभाग के अधीन आता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि इस सड़क के विकास से क्षेत्र की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यह मार्ग उत्तर प्रदेश से आने-जाने वाले लोगों के लिए भी सुविधाजनक साबित होगा, जिससे आवागमन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मार्ग पर स्थित दुधारचक गांव भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यपाल श्रद्धेय कैलाशपति मिश्र का पैतृक गांव है। ऐसे में इस सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।





ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि छोटका राजपुर स्थित ब्रह्म विद्यालय राष्ट्रीय स्तर का एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र है, जहां वर्षभर देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु एवं साधक पहुंचते हैं। सड़क के विकास और नामकरण से इस क्षेत्र की पहचान और अधिक मजबूत होगी।

ओमप्रकाश भुवन ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगी और श्रद्धेय कैलाशपति मिश्र के सम्मान में भोजपुर-सिमरी मार्ग का नामकरण उनके नाम पर करने के साथ-साथ इसके विस्तार एवं विकास की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाएगी।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu