Ad Code

दानापुर मंडल की महिला रेलकर्मियों का कमाल, दो माह में 7,517 बेटिकट यात्रियों से वसूले 38.91 लाख रुपये


दानापुर । भारतीय रेल में कार्यरत महिला रेलकर्मी अपनी कर्मठता, अनुशासन और समर्पण से लगातार नई मिसाल कायम कर रही हैं। दानापुर मंडल के वाणिज्य विभाग में टिकट चेकिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत महिला कर्मचारियों ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल और मई माह में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 7,517 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट वाले यात्रियों को पकड़ा और रेलवे को 38 लाख 91 हजार 890 रुपये का राजस्व दिलाया।

रेल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार महिला टिकट चेकिंग कर्मियों का प्रदर्शन केवल दो महीनों तक सीमित नहीं रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी महिला चेकिंग स्टाफ ने 37,491 बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट वाले यात्रियों को पकड़ा था, जिससे रेलवे को 2 करोड़ 21 लाख 99 हजार 35 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।



रेलवे अधिकारियों का कहना है कि महिला कर्मी यात्रियों की सेवा के साथ-साथ अपने पारिवारिक दायित्वों का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। उनकी कार्यशैली नारी शक्ति, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

डिप्टी मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआईटी) लवली राज ने कहा कि रेलवे की ड्यूटी जिम्मेदारियों से भरी होती है, लेकिन परिवार के सहयोग और बेहतर समय प्रबंधन के कारण वह घर और कार्यालय दोनों दायित्वों को सफलतापूर्वक निभा पाती हैं।

वहीं सीनियर टिकट एग्जामिनर ज्योति कुमारी ने कहा कि यात्रियों की सेवा करना उनकी पेशेवर जिम्मेदारी है, जबकि परिवार की देखभाल उनकी प्राथमिकता है। संतुलित दिनचर्या उन्हें दोनों भूमिकाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।





पटना में कार्यरत डिप्टी सीआईटी अंजू कुमारी ने कहा कि व्यस्त ड्यूटी शेड्यूल के बावजूद वह परिवार के लिए समय निकालती हैं। अनुशासन और बेहतर योजना के साथ कार्य करने से नौकरी और घर के बीच सामंजस्य बना रहता है।

राजेंद्र नगर की सीनियर टीई रूबी कुमारी ने बताया कि रेलवे सेवा में हर दिन नई चुनौतियां आती हैं, लेकिन आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग से वह अपने पेशेवर एवं पारिवारिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करती हैं।

दानापुर मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने महिला कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सेवा के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों को भी कुशलतापूर्वक संभालने वाली ये महिलाएं नारी शक्ति, आत्मविश्वास और संतुलित जीवन-प्रबंधन की प्रेरणादायक मिसाल हैं। उनका योगदान भारतीय रेल और समाज दोनों के लिए गर्व का विषय है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu