बक्सर । जल संरक्षण और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डुमरांव नगर के ‘जलपुत्र’ के नाम से विख्यात अजय राय को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में विकास फैमिली क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार सह सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से सामाजिक, शैक्षणिक और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। बक्सर जिले से अजय राय एकमात्र युवा थे, जिनका चयन इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए हुआ। उन्हें जल संरक्षण और रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उप समाहर्ता राजिंद्र वर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार प्रसार, डाइट प्रधानाध्यापक गीतांजलि कश्यप, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हरिराम चंदेल तथा श्रीबाघ सिंह ने संयुक्त रूप से मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अजय राय को राष्ट्रीय सम्मान मिलने की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके शुभचिंतकों, मित्रों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अजय राय बचपन से ही सामाजिक कार्यों में रुचि रखते हैं और अपने क्षेत्र व समाज के लिए कुछ बेहतर करने की सोच के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। यही कारण है कि क्षेत्र के कई युवा उन्हें अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अजय राय ने कहा कि यदि व्यक्ति के इरादे नेक हों और सोच सकारात्मक हो, तो जीवन की हर चुनौती आसान हो जाती है। सकारात्मक दृष्टिकोण न केवल सही मार्ग दिखाता है, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाकर सफलता के नए द्वार भी खोलता है।
कार्यक्रम में संस्था के सीईओ मनोज मिश्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुषमा कुमारी, स्टेट कोऑर्डिनेटर आशा शर्मा, राज्य स्तरीय पुरस्कृत शिक्षिका भागीरथी शर्मा, प्रदीप शर्मा, बबीता सिंह सहित देशभर से आए कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments