Ad Code

सात महीने में चौसा में दूसरी बार एटीएम चोरी,गैस कटर से एटीएम काटकर लाखों की नकदी ले उड़े बदमाश



बक्सर । जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित यादव मोड़ पर चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सामने रविवार की अहले सुबह अपराधियों ने बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार करीब दो बजे बोलेरो वाहन से पहुंचे अपराधियों ने सबसे पहले एटीएम केंद्र के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखे कैश बॉक्स से नकदी निकाल ली और फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।




रात करीब 2:20 बजे बैंक का सुरक्षा अलार्म बजने के बाद पुलिस को घटना की सूचना मिली। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही अपराधी फरार हो चुके थे। बैंक अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को एटीएम में 17 लाख रुपये डाले गए थे। प्रारंभिक जांच में करीब 12 लाख रुपये की चोरी होने की बात सामने आई है।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक चादर बरामद हुई है, जिसे महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी बोलेरो वाहन से आए थे। पुलिस इस सूचना के आधार पर आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

इस घटना ने इसलिए भी पुलिस की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि चौसा की वारदात के करीब एक घंटे बाद रोहतास जिले के कोचस में भी एक्सिस बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। दोनों घटनाओं में गैस कटर और बोलेरो वाहन के इस्तेमाल की समानता को देखते हुए पुलिस एक ही गिरोह की संलिप्तता की आशंका जता रही है।







गौरतलब है कि चौसा में सात महीने के भीतर एटीएम चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 नवंबर 2025 को अखौरीपुर गोला स्थित एसबीआई एटीएम को गैस कटर से काटकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी की गई थी। उस मामले में अब तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। ऐसे में एक बार फिर उसी अंदाज में हुई चोरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है तथा मामले के हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है। थाना और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के बिल्कुल समीप हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu