Ad Code

जासो गांव में देह व्यापार की खबर का बक्सर पुलिस ने किया खंडन, छापेमारी में नहीं मिला कोई आपत्तिजनक साक्ष्य


बक्सर । मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जासो गांव में कथित देह व्यापार के संचालन को लेकर सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित खबरों का बक्सर पुलिस ने खंडन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच में देह व्यापार अथवा किसी अन्य अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।



पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 30 मई 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि जासो गांव के एक मकान में कुछ पुरुष एवं महिलाएं एकत्रित हैं और वहां देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित मकान में विधिवत छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं, तीन पुरुषों तथा मकान मालिक को पूछताछ एवं सूचना के सत्यापन के लिए थाना लाया। हालांकि विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद देह व्यापार या किसी अन्य अनैतिक गतिविधि के संचालन की पुष्टि नहीं हो सकी।

पुलिस ने बताया कि संबंधित मकान से कोई आपत्तिजनक सामग्री, दस्तावेज या ऐसा कोई साक्ष्य भी बरामद नहीं हुआ, जिससे देह व्यापार की बात प्रमाणित हो सके।






बक्सर पुलिस ने कहा कि कुछ न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस पूरे घटनाक्रम को देह व्यापार का मामला बताकर प्रसारित किया जा रहा है, जबकि जांच में ऐसे किसी तथ्य की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार इस प्रकार की खबरें भ्रामक, अपुष्ट और तथ्यहीन हैं।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी समाचार पर विश्वास करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही बक्सर पुलिस ने दोहराया कि वह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu