बक्सर । भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के दूसरे चरण के अंतर्गत बक्सर जिला का प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को बगीचा लॉन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण महाअभियान की प्रमुख एवं विधान पार्षद निवेदिता सिंह के मार्गदर्शन में पहले दिन सात सत्रों का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उद्घाटन सत्र का शुभारंभ बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण महाअभियान का पहला सत्र मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने संबोधित किया। उन्होंने "संगठन और सरकार में समन्वय तथा अपनी जिम्मेदारी एवं कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि" विषय पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
दूसरे सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं बिहार राज्य क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष राजेश वर्मा ने "सैद्धांतिक अधिष्ठान, एकात्म मानववाद दर्शन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद (पंच निष्ठा)" विषय पर विस्तार से विचार रखे।
तीसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष शंभू सिद्धार्थ ने "कार्य पद्धति" विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस सत्र की अध्यक्षता प्रदीप दुबे ने की, जबकि संचालन मनोज पांडेय ने किया।
चौथे सत्र में किसान आयोग के सदस्य कामेश्वर सिंह ने "हमारा इतिहास, हमारा विकास" विषय पर अपने विचार रखे। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष सचिदानंद भगत ने की।
पांचवें सत्र में प्रशिक्षण महाअभियान की प्रमुख एवं विधान पार्षद निवेदिता सिंह ने "अपनी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका" विषय पर विस्तार से चर्चा की। सत्र की अध्यक्षता राम विनोद राय तथा संचालन जिला मंत्री सुधा गुप्ता ने किया।
छठे और सातवें सत्र में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप कुमार मंटू तथा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। इन सत्रों में बूथ प्रबंधन, अस्थायी कार्यक्रमों का संचालन, "मन की बात" कार्यक्रम, सामाजिक विषयों पर अध्ययन, प्रेरणादायी स्थलों का भ्रमण तथा मीडिया से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा के सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments