बक्सर । हिंदी पत्रकारिता दिवस के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बक्सर शहर के चरित्रवन स्थित श्री जय मां दुर्गा सर्विसेज सीएनजी पेट्रोल पंप परिसर में शनिवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पेट्रोल पंप के प्रोपराइटर एवं समाजसेवी प्रकाश राय उर्फ चुल्लू राय द्वारा किया गया, जिसमें जिले के दर्जनों पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी प्रकाश राय ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। वे न केवल समाज की वास्तविक तस्वीर को सामने लाते हैं, बल्कि राष्ट्र को सही दिशा और दशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार अपनी निष्पक्ष लेखनी तथा साहसिक रिपोर्टिंग के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकार किसी भी व्यक्ति, संस्था अथवा व्यवस्था की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर उसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखते हैं, वहीं गलत कार्यों को उजागर कर जवाबदेही भी सुनिश्चित करते हैं। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज बनकर पत्रकार न्याय और अधिकार की लड़ाई को मजबूती प्रदान करते हैं।
प्रकाश राय ने कहा कि भ्रष्टाचार, अन्याय और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी लेखनी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है। इसलिए पत्रकारों का सम्मान करना राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का सम्मान करना है।
उन्होंने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान समारोह पत्रकारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों के सुख-दुख में वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, विचार-विमर्श एवं पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा की गई। सम्मान समारोह का माहौल सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण रहा।
इस अवसर पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, आलोक कुमार, राजू ठाकुर, धीरज वर्मा, चंद्रकांत निराला, गुलशन सिंह, मनीष मिश्रा, प्रशांत राय, नवीन पाठक, बासुकी पांडे, धर्मेंद्र पाठक, मोहम्मद मोईन, रेहान, अजय उपाध्याय सहित जिले के अनेक पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments