Ad Code

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित होंगे डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेम सागर कुँवर, क्षेत्र में खुशी की लहर


बक्सर । जिले की पंचायतों ने विकास और नवाचार के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के लिए जिले की चार पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें सिमरी प्रखंड की डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेम सागर कुँवर भी शामिल हैं, जिन्हें नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है।

पंचायती राज विभाग की बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्था के परियोजना निदेशक नवीन कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार चयनित मुखियाओं को 1 जून 2026 को दिल्ली रवाना होना है। 3 जून को भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।



राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयनित प्रतिनिधियों में इटाढ़ी प्रखंड की अतरौना पंचायत के मुखिया सचिन्द्र सिंह, सिमरी प्रखंड की डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेम सागर कुँवर, राजपुर-परसनपाह पंचायत की मुखिया मुनेश्वरी देवी तथा दुल्लहपुर पंचायत की मुखिया देवान्ती देवी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि अकेले सिमरी प्रखंड की तीन पंचायतों को यह सम्मान मिलने जा रहा है।

डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेम सागर कुँवर का चयन पंचायती राज मंत्रालय की थीम "आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त गांव" के अंतर्गत किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर हुआ है। उनके नेतृत्व में पंचायत में सड़क, बिजली, सुरक्षित पेयजल और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का क्रियान्वयन किया गया। पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जबकि पंचायत स्तर पर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

पंचायत में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार, महिला हितैषी योजनाओं के प्रभावी संचालन तथा समग्र विकास कार्यों के कारण डुमरी पंचायत की रैंकिंग जिला और राज्य स्तर पर बेहतर रही है। यही कारण है कि पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।






गौरतलब है कि प्रेम सागर कुँवर को इससे पहले भी पंचायत क्षेत्र में बेहतर कार्यों के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें राष्ट्रपति द्वारा भी सम्मान प्राप्त हो चुका है। अब एक बार फिर राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए चयनित होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।

इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुखिया प्रेम सागर कुँवर ने इसका श्रेय पंचायत की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत के समग्र विकास और ग्रामीणों की सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu