बक्सर । बक्सर के राजद सांसद सुधाकर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बिहार का गौरव बढ़ाया है। उनके यूरोप दौरे और वैश्विक सम्मेलन में सहभागिता को लेकर समर्थकों में खुशी की लहर है। शिक्षित और कृषि विषयों की गहरी समझ रखने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में सुधाकर सिंह की इस उपलब्धि की व्यापक सराहना हो रही है।
ब्रसेल्स स्थित यूरोपियन पार्लियामेंट में आयोजित EU-India Leaders Conference 2026 में भारत की ओर से भाग लेने का अवसर प्राप्त करने वाले सांसद सुधाकर सिंह ने सम्मेलन के दौरान भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के कृषि क्षेत्र पर पड़ने वाले प्रभावों, किसानों की आय, बाजार तक पहुंच, गुणवत्ता मानकों तथा जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों पर विस्तार से अपने विचार रखे।
सम्मेलन में विशेष रूप से बिहार जैसे कृषि-प्रधान राज्यों के संदर्भ में चर्चा हुई, जहां जलवायु परिवर्तन का कृषि उत्पादन और किसानों की आजीविका पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है। इस दौरान भारतीय कृषि व्यवस्था की विशेषताओं, छोटे एवं सीमांत किसानों की स्थिति तथा जैव-संशोधित (GM) फसलों को लेकर भारत के सतर्क दृष्टिकोण पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि वैश्विक व्यापार समझौतों का मूल्यांकन केवल निर्यात के अवसरों के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि किसानों की आय, खाद्य सुरक्षा और कृषि संप्रभुता को भी केंद्र में रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने भारतीय किसानों की चुनौतियों और अनुभवों को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखा।
सम्मेलन के दौरान उन्हें यूरोपीय संघ के वरिष्ठ सांसदों, नीति-निर्माताओं और विभिन्न देशों के विशेषज्ञों के साथ संवाद करने का अवसर मिला। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दुनिया भर के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ।
सुधाकर सिंह ने कहा कि भारत की कृषि से जुड़े अनुभवों और चुनौतियों को वैश्विक मंच पर साझा करना उनके लिए इस सम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू रहा। उनके इस प्रतिनिधित्व से न केवल बक्सर बल्कि पूरे बिहार का मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments