बक्सर । गुरुवार को आईईएसएम (Indian Ex-Servicemen Movement) बक्सर के तत्वावधान में मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईईएसएम बक्सर के चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। डॉ. मेजर पी.के. पांडेय एवं आईईएसएम बक्सर के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन्हें मोमेंटो, पौधा, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इसके बाद मंत्री ने मां मुंडेश्वरी अस्पताल में संचालित होने वाले नीट कोचिंग संस्थान का उद्घाटन किया।
समारोह के दौरान 30 रक्तवीरों तथा नीट कोचिंग संस्थान के 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा मंत्री ने वीर नारियों एवं आईईएसएम बक्सर के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। शिक्षा मंत्री के समक्ष शहीद परिवारों के बच्चों तथा पूर्व सैनिकों के बच्चों को उच्च शिक्षा संस्थानों में नामांकन के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग रखी गई। मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा आईईएसएम बक्सर के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। भीषण गर्मी के बावजूद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने समारोह में भाग लेकर सैनिक एकता और संगठन की मजबूती का परिचय दिया।
समारोह में कैप्टन बी.एन. पांडेय, द्वारिका पांडेय, आर.बी. सिंह, श्रीनिवास सिंह, सुरेंद्र सिंह, भरत मिश्रा, विनोद तिवारी, कमलेश्वर राय, हरिहर सिंह, चंद्रजीत सिंह, शाही भूषण ओझा, धनंजय दुबे, बलिराम मिश्रा, रामनाथ सिंह, ऊषा देवी, उर्मिला देवी, सुशीला देवी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments