बक्सर । नावानगर जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार यादव ने जिला परिषद बक्सर के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के खिलाफ खुला पत्र जारी कर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीडीसी की अफसरशाही, मनमानी, तानाशाही एवं विकास विरोधी रवैये के कारण जिले में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने जिले की जनता एवं जनप्रतिनिधियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
जारी खुले पत्र में आरोप लगाया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की 15वीं, षष्ठम एवं पंचम वित्त आयोग की योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति जानबूझकर लंबित रखी जा रही है। वहीं वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक स्वीकृत विकास कार्यों का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा डीडीसी पर जिला परिषद सदस्यों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया गया है।
खुले पत्र में यह भी कहा गया है कि जिला परिषद कार्यालय के कार्यों में रुचि नहीं ली जा रही है तथा जिला परिषद डाक बंगला के लिए डीपीआर तैयार होने के बावजूद टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। साथ ही जिला परिषद की लगभग 1100 एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा उस भूमि पर बाजार, मैरेज हॉल एवं दुकानों का निर्माण कर राजस्व बढ़ाने की मांग भी उठाई गई है।
राजीव कुमार यादव ने आरोप लगाया कि जिला परिषद की सामान्य बैठकों में लिए गए प्रस्तावों का अनुपालन नहीं किया जा रहा है तथा अध्यक्ष और जिला परिषद सदस्यों के साथ शिष्टाचार का पालन नहीं किया जा रहा, जो जनप्रतिनिधियों का अपमान है।
इन मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है। आंदोलन के तहत 18 जून को प्रदर्शन, 20 जून को पुतला दहन, 22 जून को अर्धनग्न प्रदर्शन, 24 जून को काली पट्टी बांधकर विरोध, 26 जून को कटआउट पर कालिख पोतने का अभियान, 28 जून को अंडा फोड़ो कार्यक्रम तथा 30 जून को अर्थी जुलूस निकाला जाएगा। सभी कार्यक्रम जिला परिषद कार्यालय के समक्ष दोपहर 12 बजे से आयोजित किए जाएंगे।
जिला परिषद सदस्य ने कहा कि डीडीसी की कथित मनमानी और अफसरशाही के खिलाफ इस आंदोलन को व्यापक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों से इसमें भागीदारी की अपील की गई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments